प्रदीप गुप्ता/ नर्मदापुरम /(सीहोर) प्रदेश के साथ ही सीहोर जिले में संत रविदास जयंती समारोह के साथ विकास यात्रा प्रारंभ हुई। इस यात्रा में अनेक पंचायतों के निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को अनेक हितग्राही मूलक योजनाओं के हितलाभ से लाभान्वित किया गया। इसके अलावा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई। बुधनी विधानसभा के ग्राम रतनपुर में सांसद रमाकान्त भार्गव एवं अनेक जनप्रतिनिधियों ने संत रविदास जी की फोटो पर माल्यार्पण कर विकास यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के अनेक निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही अनेक हितग्राहियों को हितग्राही मूलक योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। इस अवसर पर सांसद श्री भार्गव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास के अनेक कार्य किए हैं और अनेक कल्याणकारी योजना चलाकर लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया जा रहा है। सांसद श्री भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। आज हर गरीब को निशुल्क राशन मिल रहा है। आयुष्मान योजना से निजी आस्पतालों में निशुल्क इलाज हो रहा है। आज गरीबों के प्रतिभावन बच्चे निजी तकनीकी एवं चिकित्सा महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान चलाकर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित करने का काम किया है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने भी संबोधित किया। इस दौरान सांसद श्री भार्गव एवं जनप्रतिनिधियों ने वृक्षारोपण भी किया। बुधनी विधानसभा की विकास यात्राओं में कलेक्टर प्रवीण सिंह, रघुनाथ भाटी, जिला भाजपा अध्यक्ष रवि मालवीय, एसडीएम राधेश्याम बघेल, जनपद सीईओ देवेश सराठे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी शामिल हुए।

