नर्मदापुरम /(प्रदीप गुप्ता – जिला ब्यूरो)/ नेशनल लोक अदालत का आयोजन 11 फरवरी शनिवार को जिला न्यायालय परिसर नर्मदापुरम में प्रात: 10.30 बजे से किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ एडीआर सेंटर के सभाकक्ष में होगा। नेशनल लोक अदालत में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री आलोक अवस्थी ने मामलो की सुनवाई के लिए 24 न्यायिक खंडपीठों का गठन किया है। श्री अवस्थी ने जनसाधारण से अपील की है कि जिनके प्रकरण लोक अदालत के माध्यम से निराकृत किये जा सकते है वे इस अवसर का लाभ अवश्य उठायें। जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नर्मदापुरम ने उक्त जानकारी देते हुए बताया है कि गठित खंडपीठों में लगभग 10752 प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इनमें न्यायालय में लंबित 3634 प्रकरणों एवं जो न्यायालय में पेश नहीं हुए है, प्रीलिटिगेशन में विद्युत रिकवरी के 631, बैंक रिकवरी के 5927 एवं बीएसएनएल के 150, जलकर के 150 एवं संपत्ति कर, दुकान किराया आदि के 260 प्रकरणों की सुनवाई कर निराकरण किया जाएगा। श्री भट्ट ने बताया है कि नेशनल लोक अदालत में सभी प्रकार के राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। लोक अदालत में बैंक ऋण की बकाया राशि, विद्युत देयकों की बकाया राशि तथा नगरीय निकायों के जल कर, संपत्ति कर, दुकान किराया आदि की बकाया राशि के प्रकरणों में अधिभार पर छूट भी संबंधित विभागों द्वारा प्रदान की जाएगी जिसका लाभ पक्षकार ले सकते हैं।

