नर्मदापुरम (प्रदीप गुप्ता- जिला ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, एसडीओपी पराग सैनी के निर्देशन में पुलिस द्वारा लगातार अपराधों पर अंकुश लगाया जा रहा है। आज शनिवार को शहर कोतवाली थाना प्रभारी विक्रम रजक ने एक प्रेस नोट जारी कर बताया कि दिनांक 9/2/2023 की शाम को पटवारी राकेश यादव निवासी सिद्धेश्वर कालोनी मालाखेड़ी रोड के सूने आवास में अज्ञात चोर के द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था एवं करीबन 4 तोला वजनी सोने के जेवर चोरी कर लिए गए थे। कोतवाली पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत दर्ज कर जांच प्रारंभ की थी। जांच पर पाया गया कि दिनांक घटना को प्रार्थी अपने घर में ताला लगाकर चाबी वहीं पास में रखकर बाहर चले गए थे। वापस लौटने पर प्रार्थी को उसके घर के सारे ताले खुले मिले। पुलिस के द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने पर पाया गया कि घटना में किसी परिचित व्यक्ति का हाथ है। उक्त आधार पर प्रार्थी के नाबालिग पुत्र से पूछताछ की गई जिसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि अपने दोस्त के बहकावे में आकर उसने उक्त जेवरो को बेचकर प्राप्त होने वाले रुपयों को ब्याज पर चला कर ज्यादा रुपए कमाने की और पार्टियां करने की योजना बनाई थी। प्रार्थी राकेश यादव के चोरी गए जेवरात उन्ही के घर में बरामद हो चुके हैं। पुलिस द्वारा प्रार्थी राकेश यादव के समक्ष उनके नाबालिग पुत्र की काउंसलिंग कर उसके द्वारा किए गए कृत्य से भविष्य में मिलने वाले दुष्परिणामो से अवगत कराया गया। जिस पर बालक के द्वारा अपने कृत्य पर शर्मिंदगी जाहिर की गई एवं भविष्य में उक्त पुनरावृति नहीं किए जाने हेतु अपने परिजनों को आश्वस्त किया गया है।

