टीकमगढ़। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत जतारा विधानसभा में रथ यात्रा और कलश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
भाजपा मीडिया प्रभारी स्वप्निल तिवारी ने बताया कि जतारा विधानसभा के बम्होरीकलां, थरबराना, लिधौरा, चंदेरा और जतारा मंडलों में यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया जा रहा है। जतारा विधायक एवं पूर्व मंत्री हरिशंकर खटीक और भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती सरोज राजपूत की मुख्य उपस्थिति में यात्रा निकाली जा रही है।
यात्रा की शुरुआत बम्होरीकलां से हुई जो पहाड़ी बुजुर्ग, कलरा, कंजना, वीरपुरा, पचौरा होते हुए श्यावनी पहुंची, जहां रात्रि विश्राम हुआ। इसके बाद श्यावनी से शुरू होकर चंदेरा, उदयपुरा, सगरवारा, बगौरा, ताललिधौरा, चंदेरा तिगैला होते हुए जतारा में यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान कलश पूजन कर संत रविदास जी महाराज की भव्य यात्रा निकाली गई।
पूरे मार्ग में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक बंधुओं ने पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर सामाजिक समरसता, सद्भाव और भाईचारे का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि संत रविदास जी महाराज का जीवन समाज को एकता, समानता और समरसता की प्रेरणा देता है। भाजपा सरकार ने गरीब वंचित वर्ग को विकास की मुख्य धारा में लाने का काम किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती सरोज राजपूत ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को गांव-गांव तक रथ यात्रा और कलश यात्रा के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। सभी कार्यकर्ता समान भाव से सबके विकास के लिए संकल्पित हैं।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष प्रीति शर्मा, अंकित तोमर, अजजा प्रदेश सह कोषाध्यक्ष गणेश आदिवासी, अजजा मोर्चा अध्यक्ष मुकेश अहिरवार, मंडल अध्यक्ष रोहित चौरसिया, महेंद्र कुशवाहा, राजेश गौतम, रघुवीर राजपूत, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

