RPF इटारसी की मुस्तैदी से चढ़ा पुलिस के हत्थे: 4 साल से फरार 5 हज़ार का ईनामी हत्यारा गिरफ्तार l
इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल अंतर्गत इटारसी रेल सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। RPF टीम ने पिछले 4 वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहे ₹5,000 के ईनामी हत्या के आरोपी को इटारसी स्टेशन पर धर दबोचा और वैधानिक कार्रवाई के बाद संबंधित रीठी पुलिस (जिला कटनी) के सुपुर्द कर दिया।
WhatsApp पर मिली फोटो और FIR, तुरंत हरकत में आई RPF
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटनी जिले के पुलिस थाना रीठी निरीक्षक द्वारा आरपीएफ इटारसी के निरीक्षक मनीष पाण्डेय को दूरभाष पर सूचना दी गई कि वर्ष 2022 से धारा 302, 34 IPC के तहत दर्ज हत्या के प्रकरण में वांछित ईनामी आरोपी ट्रेन संख्या 17605 में यात्रा कर रहा है। रीठी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई हेतु आरोपी का फोटो और FIR की प्रति WhatsApp के माध्यम से RPF इटारसी को साझा की।
जनरल कोच में चलाया सघन जांच अभियान
सूचना मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जैसे ही ट्रेन इटारसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची, टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए जनरल कोच में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। जांच के दौरान कोच में संदिग्ध अवस्था में बैठे एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
फोटो मिलान में हुई पुष्टि, 4 साल से चल रहा था फरार
WhatsApp पर प्राप्त फोटो से चेहरा मिलाने पर आरोपी की पहचान शत्रुघ्न यादव (निवासी- रीठी, जिला कटनी) के रूप में हुई। पकड़ा गया आरोपी वर्ष 2022 से लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर कटनी पुलिस द्वारा ₹5,000 का ईनाम घोषित किया गया था। RPF की टीम में सहायक उप निरीक्षक एस.के. मिश्रा, प्रकाश बिल्लौरे, आरक्षी ब्रजमोहन, दाताराम, लाखन गुर्जर तथा श्वान दल के प्रधान आरक्षी लालू चौधरी व आरक्षी ओमप्रकाश शामिल रहे।
RPF ने जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु रीठी पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। RPF इटारसी की इस सतर्कता और सटीक कार्रवाई की रेल यात्रियों एवं प्रशासनिक हलकों में सराहना की जा रही है।
कुणाल की कलम
पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी

