*अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा की बैठक आयुक्त लोक शिक्षण के साथ संपन्न
संवाददाता प्रवीण गौर की खास रिपोर्ट सिवनी मालवा//सिवनीमालवा- आयुक्त लोकशिक्षण संचालनालय मध्य प्रदेश ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशानुरूप शिक्षक पात्रता परीक्षा ऑफलाइन ली जा रही है जिसे आयोजित कराने में ईएसबी ने असमर्थता जताई है
चूंकि कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा ऑफलाइन परीक्षा कराने से इनकार कर दिया गया है।अतः शिक्षकों की ऑफलाइन परीक्षा कराने के लिए विभाग कर्मचारी चयन मंडल के अलावा अब दूसरे विकल्पों पर काम कर रहा है और संभावना है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के माध्यम से परीक्षा कराई जाएगी, लेकिन अभी इसका अंतिम निर्णय नहीं हुआ है अतः इस वर्ष विभाग शिक्षकों की दो बार परीक्षा नहीं ले पाएगा। एक बार होने वाली परीक्षा 31 दिसंबर के पहले करा ली जाएगी।आयुक्त लोकशिक्षण ने यह भी कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा देने से किसी शिक्षक की सीनियरिटी पर कोई असर नहीं होगा। यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने के लिए ली जा रही है।
वही दूसरी ओर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा में शामिल संगठनों के प्रांताध्यक्षो का कहना है कि जब विभाग के पास परीक्षा लेने वाली एजेंसी स्पष्ट नही है, शिक्षकों की वर्षवार, कैडरवार, विषयवार सूची उपलब्ध नही है, नियुक्ति और पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों की सूची स्पष्ट नही है फिर विभाग किनकी और किस माध्यम से परीक्षा के लिए फार्म भरने की बात कह रहा है।
*अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय संयोजक राकेश दुबे एवं राम मोहन रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि मोर्चा ने स्पष्ट कर दिया है कि अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा TET पूर्णतः के खिलाफ है क्योंकि मध्यप्रदेश में शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया अन्य प्रदेशों से भिन्न रही है।*
प्रदेश में शिक्षकों की नियुक्ति सदैव या तो संसद में पारित अधिनियम या सर्वोच्च न्यायालय की अनुमति या फिर परीक्षा के माध्यम से हुई है फिर ऐसे में पुनः परीक्षा औचित्यहीन है।
मोर्चा ने राज्य सरकार से अनुरोध किया है कि मध्यप्रदेश विधानसभा में भी तमिलनाडु सरकार की भांति शिक्षक पात्रता परीक्षा TET के विरुद्ध प्रस्ताव पारित कर अध्यादेश हेतु केंद्र सरकार को भेजे।
अतः विभाग अपने स्तर पर अपनी कार्यवाही करे लेकिन वर्ष 2010 मे आर टी ई अधिनियम लागू होने से पूर्व जितने भी शिक्षक नियुक्त हुए हैं, वे किसी भी परीक्षा में सम्मिलित नहीं होंगे।
*इसके साथ ही संयुक्त मोर्चा ने सभी शिक्षकों से अनुरोध किया है कि कोई भी शिक्षक TET परीक्षा का फॉर्म न भरे।*
उक्त बैठक में आयुक्त लोकशिक्षण अभिषेक सिंह, राज्य कर्मचारी संघ के महामंत्री जितेंद्र सिंह, अध्यापक संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय संयोजक मंडल के जगदीश यादव, राकेश दुबे, राकेश नायक, डी के सिंगोर, राकेश पटेल, सहित जितेंद्र शाक्य, उपेंद्र कौशल, दिनेश शुक्ला, दर्शन ओढ़, हीरानंद नरवरिया, नीलेश आर्य उपस्थित रहे।
