टीकमगढ़। ओरछा-टीकमगढ़ का संपूर्ण विकास कराने के उद्देश्य से 22 नवंबर को टीकमगढ़ से ओरछा तक निकाली जा रही श्री रामराजा सरकार विकास यात्रा का जगह-जगह स्वागत हो रहा है।
इस यात्रा का शुभारंभ रविवार को दोपहर 2 बजे नजरबाग मंदिर से हुआ, जिसका रात्रि विश्राम बिहारीपुरा में हुआ। सोमवार को यात्रा हनुमान चालीसा पाठ एवं श्री राम राजा सरकार की आरती से प्रारंभ हुई और रामनगर, वर्माताल, कुर्राई होते हुए दिगौड़ा पहुंची। यात्रा का जगह-जगह जोरदार स्वागत हुआ।
रामनगर में यात्रा का स्वागत किशोरी घोष, वर्माताल में सरपंच गब्बर सिंह घोष एवं कुर्राई में सरपंच रहीश घोष एवं मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग के जिला मित्र महेश यादव (मंत्री जी) एवं अजय यादव ने जोरदार स्वागत किया।
यात्रा ने दोपहर विश्राम के दौरान कुर्राई में 1 घंटे रामधुन पर भजन किए। भजन के दौरान लोग भक्ति में डूब गए।
यात्रा अगले दिन 24 नवंबर को बम्होरी, 25 नवंबर को ज्योरा-विरोरा, 26 नवंबर को पृथ्वीपुर, 27 नवंबर को नेगुवाँ होते हुए 28 नवंबर को शाम 4 बजे श्री रामराजा मंदिर ओरछा पहुंचेगी, जहां पर सभा पश्चात यात्रा का समापन किया जाएगा।
इन उद्देश्यों को लेकर की जा रही यात्रा –
1. ओरछा के लक्ष्मी मंदिर में श्री लक्ष्मी नारायण की प्राण प्रतिष्ठा कराई जाए। 2. ओरछा के कल्याण मंदिर में श्री राधा कृष्ण की प्राण प्रतिष्ठा कराई जाए। 3. महारानी कुंवर गणेश एवं महाराज मधुकरशाह की प्रतिमा की स्थापना कराई जाए। 4. ओरछा से तारामाई तक रोप-वे का निर्माण कराया जाए। 5. जयपुर की तर्ज पर संपूर्ण ओरछा नगरी को मंदिर के रंग में रंगा जाए, ताकि ओरछा की अंतरराष्ट्रीय पहचान क्रीम सिटी के रूप में बन सके। 6. ओरछा-पृथ्वीपुर-टीकमगढ़-शाहगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन बनाया जाए। 7. ओरछा के सभी प्रवेश मार्गों पर जयपुरी पत्थर से भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया जाए। 8. चंद्रपुरा से ओरछा तक फ्लाईओवर एवं ओरछा से झांसी-खजुराहो फोरलेन तक डिवाइडर एवं आकर्षक लाइटिंग युक्त मार्ग का निर्माण कराया जाए। 9. ओरछा-पृथ्वीपुर-टीकमगढ़-शाहगढ़ होते हुए सागर तक नई रेल लाइन स्वीकृत की जाए। 10. मोहनगढ़ तिराहा टीकमगढ़ में हवाई पट्टी का निर्माण कराया जाए।

