नर्मदापुरम/ प्रदीप गुप्ता / कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के निर्देशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं सहयोगी संस्था नेटिव एजुकेशन सोसायटी भोपाल टीम के द्वारा जल जीवन मिशन जागरूकता के लिए प्रचार रथ एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल संरक्षण- जल संवर्धन ,जल गुणवत्ता एवं वर्षा जल संचय आदि विषयों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विश्व जल दिवस जागरूकता के अंतर्गत आज खंड कार्यालय से कार्यपालन यंत्री सुश्री वर्षा शिवपुरे एवं सहायक यंत्री आरके शर्मा द्वारा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर विभाग के सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। सहयोगी संस्था नेटिव एजुकेशन सोसायटी भोपाल परियोजना समन्वयक नंदकिशोर कुशवाहा के अनुसार सहयोगी संस्था द्वारा जिले के चयनित ग्रामों में जल जीवन मिशन प्रचार- प्रसार के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मुख्य रुप से नुक्कड़ सभाएं , ग्राम सभाएं ,नुक्कड़ नाटक , स्कूल रैली , ग्राम जल स्वच्छता समितियों कार्यशाला बैठक , फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से महिलाओं को पेयजल गुणवत्ता प्रशिक्षण आदि गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही है।

