नर्मदापुरम/प्रदीप गुप्ता/जिला स्तरीय रोजगार दिवस का आयोजन 24 मार्च को प्रातः 10:30 बजे से शासकीय नर्मदा महाविद्यालय में किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी कैलाश माल ने बताया कि रोजगार दिवस के अवसर पर विभिन्न स्वरोजगार मूलक योजनाओं से पात्र युवाओं को लाभान्वित किया जाएगा। श्री माल ने बताया कि प्रदेशव्यापी रोजगार दिवस कार्यक्रम 24 मार्च को आयोजित किया जा रहा है। सचिव एमएसएमई पी. नरहरि ने वर्चुअल कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। वर्चुअल कार्यक्रम में सभी 52 जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला स्तरीय रोजगार कार्यक्रम सभी 52 जिलों में मंत्रीगण तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में प्रदेशव्यापी रोजगार दिवस कार्यक्रम नीमच जिला मुख्यालय पर आयोजित होगा। रोजगार दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण न्यूज चैनलों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जायेगा। प्रसारण को जिला स्तरीय कार्यक्रम में दिखाने की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जायेगी। जिला मुख्यालयों में किये जाने वाले रोजगार दिवस कार्यक्रम में विभिन्न स्व-रोजगार योजनाओं में वित्तीय वर्ष 2022-23 में जिले में लाभान्वित हितग्राहियों को आमंत्रित कर जन-प्रतिनिधियों के माध्यम से स्वीकृति-पत्र दिलवाये जायेंगे। कार्यक्रम में संबंधित विभागों एवं बैंकों की भागीदारी होगी।

