नर्मदापुरम / प्रदीप गुप्ता / वन, जमीन, जंगल एवं नर्मदा बचाओ आंदोलन की प्रमुख मेधा पाटकर इन दिनों जिले में सक्रिय है। पिछले दिनों शहर में आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्होंने नदियों के संरक्षण पर प्रदेश और केंद्र सरकार की बेरूखी उजागर करते हुए सरकार पर निशाना साधा था। उसी नर्मदा बचाओ आंदोलन के बैनर में भाजपा के कुछ नेताओं के छपे फोटो न सिर्फ राजनीतिक हल्कों बल्कि आम जनता में भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। मेधा पाटकर नर्मदापुरम में केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही हैं। वहीं दूसरी ओर नर्मदा बचाओ आंदोलन के बैनर में वरिष्ठ भाजपा नेता और नर्मदा अपना अस्पताल के संचालक डॉ राजेश शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा की तस्वीर छपी है। यह पता नहीं चल सका है कि एनबीए के बैनर पर भाजपा नेताओं की फोटो उनकी सहमति से छापी गई है अथवा जिले के प्रतिष्ठित नागरिक होने के कारण बिना अनुमति के लगाई है। इधर कुछ लोगों का कहना है कि नर्मदा बचाओ आंदोलन की समाज सेविका और नर्मदा बचाओ आंदोलन की रणनीति तैयार करने वाली मेधा पाटकर और प्रदेश अध्यक्ष गीता मीणा के फ्लेक्स पर यह क्या बताना चाह रही हैं। बता दें कि मेधा पाटकर कई वर्षों से नदियों के अस्तित्व को बचाने कई आंदोलन कर चुकी हैं।

