नर्मदापुरम/ प्रदीप गुप्ता / मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने आमजन की समस्याओं को सुन उनका त्वरित निराकरण किया। जनसुनवाई में 60 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ एसएस रावत, अपर कलेक्टर मनोज कुमार ठाकुर सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में नर्मदापुरम की राजमनी बाई ने रायपुर सहकारी समिति से राशि का भुगतान किए जाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने सहायक आयुक्त सहकारिता पर राशि के भुगतान की कार्यवाही शीघ्र करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में नर्मदापुरम निवासी मालतीबाई ने बताया कि उनकी पुत्री जागृति मेहरा के फिंगरप्रिंट नहीं आने के कारण आधार कार्ड नहीं बन पा रहा हैं। जिससे उनकी बेटी को छात्रवृत्ति और अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा हैं। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार ई गवर्नेंस मैनेजर द्वारा आवेदक को मूल दस्तावेजों के साथ गांधी वाचनालय इटारसी भेजा गया जहां उनके पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी। इसी प्रकार जनसुनवाई में बंगालीया इटारसी निवासी रतन सिंह राजपूत ने अपनी जमीन के सीमांकन के साथ वहां पर अतिक्रमण हटाए जाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार इटारसी द्वारा आवेदक की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दिया गया एवं सीमांकन के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई। ग्राम सनखेड़ा निवासी दीपक सिंह ने जनसुनवाई में बताया कि उनकी जमीन पर आने जाने वाले पुराने मार्ग पर शासकीय स्कूल का निर्माण हो गया है। इसके आसपास की शासकीय भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है जो हमें खेत में आने जाने नहीं देते। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार तहसीलदार इटारसी द्वारा तत्काल कार्रवाई कर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किया गया। इसी प्रकार कलेक्टर श्री सिंह ने जनसुनवाई में आए अन्य आवेदनो का भी गंभीरतापूर्वक निराकरण किया।

