सिवनी मालवा/ प्रदीप गुप्ता / रिलाएबल सोशल वेलफेयर सोसायटी तथा बीएचआरसी ग्रुप द्वारा ग्राम गाजनपुर में नशा मुक्ति अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत सर्वप्रथम ग्राम में 1 किलोमीटर लंबी नशामुक्ति पर मशाल यात्रा निकाली गई, जिसमें नशामुक्ति को लेकर प्रेरणादायी नारे एवं गीतों का उद्घोष किया गया। हाथों में मशाल लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव से होते हुए पंचायत भवन पहुंचे। पूरे गांव में नशे के दुष्परिणाम को लेकर एक जागृति लाई गई। इसके पश्चात ग्राम पंचायत भवन में बीएचआरसी ग्रुप तथा रिलाएबल सोसायटी द्वारा निर्मित की गई शार्ट मूवी नशा का फिल्मांकन किया गया। इस मूवी के माध्यम से समाज को नशे से बचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संस्था के संचालक डॉ. विशाल सिंह बघेल ने सभी से अपील की कि नशामुक्ति अभियान को लेकर जो मशाल यात्रा ग्राम गाजनपुर से शुरू हुई है उसे पूरे क्षेत्र में लेकर जाना है ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाया जा सके। गांव में नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करने वाले नारों का लेखन भी किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य प्रतिनिधि हंस कुमार बरकुड़, सरपंच दयाराम यदुवंशी, रिलाएबल युवा शक्ति के संरक्षक डॉ. पूनम सिंह राजपूत, डॉ. नीतीश बघेल, डॉ. आदर्श शुक्ला, मप्र जन अभियान परिषद की नगर विकास प्रस्फुटन समिति सिवनी मालवा, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति गाजनपुर अध्यक्ष सुनील सिंगोरिया, परामर्शदाता नर्मदाप्रसाद यदुवंशी, नवांकुर संस्था लक्ष्मी ऑर्गेनाइजेशन बानापुरा सचिव अमर गार्गव, मनोरी लौवंशी, अजय बरकुड़, पवन बरकुड़, कुणाल लौवंशी, ईश्वर विश्नोई, पीयूष राठौर व बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहें।

