नर्मदापुरम /प्रदीप गुप्ता / पिपरिया में वाहन चेकिंग के दौरान भुवनेश्वर पालीवाल के साथ हुई अभद्रता के खिलाफ आज जिला पालीवाल समाज के सैकड़ों लोग एकठ्ठे होकर पुलिस अधीक्षक से मिले एवं एक ज्ञापन सौंपा जिसमें उल्लेख किया कि भुवनेश्वर पालीवाल हार्ट पेशेन्ट है एवं 8-10 माह पहले ही उनका हार्ट का आपरेशन एंजोप्लास्टी हुई है एवं वर्तमान में बी.पी. के मरीज है। मारपीट से उनकी पसली में भी फ्रेक्चर हो गया है। दिनांक 14 अप्रैल 2023 को भुवेनष्वर पालीवाल फल मार्केट से होकर मंगलवारा चौक से अपने दो पहिया वाहन से निकल रहे थे तभी वाहन चैकिंग के नाम पर पिपरिया थाने के एसआई संदीप यादव एवं नगर रक्षा समिति के सौरभ तिवारी ने इन्हें रोका एवं वाहन चैक किया। वाहन चैक करते हुए नंबर प्लेट की बात करते हुए एकदम उत्तेजित होकर श्री यादव एवं श्री तिवारी ने भुवनेश्वर पालीवाल को गाड़ी से नीचे पटक कर मारपीट चालू कर दी। इतना ही नहीं मारपीट एवं गाली-गलौंच के साथ भुवेनष्वर पालीवाल की गर्दन पकड़कर उन्हें मंगलवारा मुख्य मार्ग से घसीटते हुए थाने ले जाकर लाॅकअप में बंद कर मारपीट की एवं सार्वजनिक रूप से अपमानित कर उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने का कार्य किया। उस प्रकार मुख्य बाजार में वाहन चैकिंग के नाम पर किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति के खिलाफ गाली-गलौंच, मारपीट, गला पकड़कर थाने ले जाना पूर्णतः गैर कानूनी एवं संवेदनहीनता एवं अमानवीयता की पराकाष्ठा है। जो कि सीसीटीवी कैमरों द्वारा एवं अन्य लोगों ने मोबाइल पर रिकार्ड किया है। भुवनेश्वर पालीवाल के साथ मारपीट, गाली-गलौंच एवं गला पकड़कर घसीटते हुए थाने ले जाने में एसआई संदीप यादव एवं नगर रक्षा समिति के सौरभ तिवारी दोनों शामिल थे। परंतु भुवनेश्वर पालीवाल की शिकायत एवं पालीवाल समाज पिपरिया के ज्ञापन के बाद सिर्फ सौरभ तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जबकि एसआई संदीप यादव की भूमिका भी सौरभ तिवारी से ज्यादा थी परंतु उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई। एफआईआर में उनका नाम तक नहीं लिखा गया। अतः नर्मदापुरम जिले की संपूर्ण पालीवाल ब्राह्मण समाज आज आपके समक्ष उपस्थित होकर इस ज्ञापन के माध्यम से आपसे निवेदन करती है कि इस प्रकारण में संदीप यादव एसआई का नाम भी एफआईआर में जोड़ा जावे एवं श्री यादव एवं श्री तिवारी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जावे, जिससे भविष्य में किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति के खिलाफ इस प्रकार की घटना की पुनर्रावृत्ति न हो। उक्त घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामला जांच में है एवं निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा उस पर विभाग जरूर कार्यवाही करेगा। किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा आम नागरिक के द्वारा जो भी गलत बर्ताव करेगा उसे पुलिस विभाग बर्दाश्त नहीं करेगा। मैंने इस घटना के बाद सभी थानों में उक्त घटना की पुनरावृत्ति ना हो उसके लिए आदेशित किया है। इस अवसर पर नर्मदा पुरम विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा, अरुण शर्मा एवं जिले से आए पालीवाल समाज के लोग मौजूद रहे।

