टीकमगढ़। कलेक्टर अवधेश शर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन एवं समाधान ऑनलाइन प्रकरणों का निराकरण अधिकारी विशेष ध्यान देते हुए करायें। उन्होंने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन प्रकरण को अधिकारी स्वयं गंभीरतापूर्वक संबंधित शिकायतकर्ता से बात करके निराकरण करायें, कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट ना रहे इसका भी ध्यान रखें। बैठक में कलेक्टर श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को सड़क पर विचरण करने वाले गौवंश को गौशाला तक ले जाने तथा ग्रामीण गौवंश रक्षक सदस्यों के साथ मिलकर गौवंश का संरक्षण करने के निर्देश दिये। उन्होंने इसके लिये विकासखण्ड तथा ग्रामीण स्तर पर गठित की गई समितियों को दिये गये दायित्वों के क्रियान्वयन की जानकारी ली एवं समितियों को गौवंश के लिये पानी, चारे सहित अन्य व्यवस्था करने के निर्देश दिये। मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने तालाबों में मत्स्य उत्पादन की आदर्श स्थिति बनाने के प्रयास करने तथा तालाबों पर चल रहे विवादों को निपटाने के निर्देश दिये। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान पानी की टंकियों का स्थान चयन करने, पानी के अपव्यय को रोकने तथा जलाशयों के समीप स्थान पर छोटे पौधे लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने 23 अगस्त को स्कूटी वितरण कार्यक्रम, सीखो-कमाओ योजना अंतर्गत कार्यक्रम तथा 24 अगस्त को आयोजित रोजगार दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की तथा व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना अंतर्गत 22 अगस्त को द्वारका तीर्थदर्शन करने जाने वाले जिले के चयनित तीर्थयात्रियों के लिये स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर श्री शर्मा ने निर्देशित किया कि मलेरिया और डेंगू का डेटा एनालसिस करें तथा लोगों को जागरूक कर भ्रांतियां दूर करें। साथ ही शहरी क्षेत्रों में लार्वा विनिष्टीकरण का कार्य भी और अधिक गति से करायें। साथ ही इस हेतु सेंपल लेने के अलावा निरीक्षण कर सभी टंकियां साफ करायें तथा स्वच्छता सर्वेक्षण अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार कार्यवाही करें। कलेक्टर श्री शर्मा ने मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान की जा रही कार्यवाही की जानकारी ली तथा मतदान केन्द्र की सुविधाओं संबंधी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी मतदान केन्द्रों पर सभी व्यवस्थायें पूर्णतः सुनिश्चित करें। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों, स्कूलों मे पानी की यदि कोई कमी हो, उसकी व्यवस्थायें करें तथा सेक्टर अधिकारी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ें तथा जितने भी अधिकारी/कर्मचारी अभी नये आये हैं उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाये। उन्होंने कहा कि जेंडर रेसियो को ठीक करने के लिये पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर पीएस चौहान, डिप्टी कलेक्टर एसके तोमर, जीएमडीआईसी राजशेखर पांडे, ईई पीएचई जितेन्द्र मिश्रा, आरईएस श्रीमती नम्रता पंद्रे, सीएमएचओ डॉ. एसआर रोशन, सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला, उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग श्री डीके विश्वकर्मा, उप संचालक सामाजिक न्याय आरके पस्तोर, सहायक संचालक मत्स्य विभाग आरके मिश्रा, जिला योजना अधिकारी रामबाबू गुप्ता, पीओडूडा सुश्री शिवि उपाध्याय, लोकसेवा प्रबंधक अमन गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

