टीकमगढ़। 05 सितम्बर केन्द्रीय मंत्री सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार तथा टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने आज ग्राम पहाड़ी खुर्द तहसील टीकमगढ़ में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की सहायक उत्पादन इकाई एवं कृत्रिम अंग फिटिंग केन्द्र का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने परियोजना कार्यालय का उद्घाटन भी किया। केन्द्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने सर्वप्रथम अतिथियों के साथ विधि-विधान से पूजन कर भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की सहायक उत्पादन इकाई एवं कृत्रिम अंग फिटिंग केन्द्र का भूमिपूजन किया। तत्पश्चात उन्होंने परियोजना कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर टीकमगढ़ विधायक राकेश गिरि गोस्वामी अमित नुना, विवेक चतुर्वेदी, अनुराग वर्मा, श्रीमती विभा श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग भारत सरकार राजेश यादव, सीएमडी एलिम्को प्रवीण कुमार, एसडीएम टीकमगढ़ संजय दुबे, उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग आरके पस्तोर सहित संबंधित अधिकारी तथा स्थानीयजन उपस्थित रहे।
केन्द्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने संबोधित करते हुये कहा कि टीकमगढ़ में बनने वाली एलिम्को की सहायक उत्पादन इकाई बुन्देलखंड क्षेत्र में अपनी तरह की पहली और एकमात्र उत्पादन यूनिट होगी जो आने वाले समय में क्षेत्र के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ जिले में एलिम्को ईकाई लगभग 7 एकड़ क्षेत्र में 35 करोड़ रूपये से अधिक के अनुमानित बजट के साथ बनाई जा रही है। टीकमगढ़ में इस नयी सुविधा के बनने के बाद एलिम्को द्वारा सहायक उपकरणों का उत्पादन और वितरण का कार्य भी शुरू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उपकरणों, उपकरणों के मूल्यांकन और कृत्रिम अंग प्रदान करने की सुविधा के लिये विशेषज्ञों के साथ एक ऑर्थोटिक और प्रोस्थेटिक सेंटर भी होगा। उत्पादन के अतिरिक्त आधुनिक कृत्रिम अंग फिटिंग सेंटर के माध्यम से दिव्यांगजनों को आधुनिक कृत्रिम अंग की सुविधा भी उपलब्ध हो पायेगी। यूनिट में व्हील चेयर, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, मैनुअल ट्राइसाइकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र जैसे सहायक उपकरणों और उपकरणों का पर्याप्त स्टॉक रखने के लिये एक गोदाम भी होगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि क्षेत्र में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार तुरंत सेवा प्रदान की जा सके।
डॉ. कुमार ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार अंतर्गत कार्यरत एलिम्को उच्चकोटि के आधुनिक उपकरण व कृत्रिम अंग के निर्माण एवं वितरण का कार्य करते हुये अपने 50 वर्ष पूरे कर चुका है। उन्होंने कहा कि हमें एलिम्को की एक ईकाई की जरूरत बुन्देलखण्ड क्षेत्र के दिव्यांगजनों को लिये महसूस हुई, मध्यप्रदेश सरकार से हमारे मंत्रालय द्वारा टीकमगढ़ जिले में भूमि आवंटन के लिये सहयोग मांगा गया और मध्यप्रदेश द्वारा ग्राम पहाड़ी खुर्द में भूमि प्रदान की गई और हमने अविलंब एलिम्को की ईकाई के निर्माण के लिये एलिम्को के अधिकारियों को निर्देश दिये। वर्तमान में एलिम्को अपने 5 सहायक उत्पादन केन्द्रों के माध्यम से पूरे देश के दिव्यांगजनों के लिये सहायक उपकरणों के निर्माण का कार्य कर रहा है। साथ ही क्षेत्र की स्थानीय जनता के लिये प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों द्वारा प्राप्त किये गये सहायक उपकरण में यदि किसी भी प्रकार की खराबी आती है तो उस समस्या के निवारण के लिये इकाई में एक पूरी तरह से सुसज्जित उपकरण सुधार सेवा केन्द्र भी बनाया जायेगा। साथ ही उपकरण प्रदान करने के बाद केन्द्र यह सुनिश्चित करेगा कि दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्राप्त होने के बाद किसी भी समस्या का सामना नहीं करने पड़े।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

