टीकमगढ़। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभाराम रोशन ने बताया है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार कलेक्टर अवधेश शर्मा के निर्देशन मे आज 12 सितम्बर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जायेगा एवं 15 सितम्बर को मॉपअप दिवस का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिये सभी शासकीय, अशासकीय, निजी एवं अनुदान प्राप्त शालाओं आदिवासी, छात्रावास, मदरसों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों पर बच्चों को कृमि नाशक गोली एल्बेन्डाजोल का सेवन कराया जायेगा। इसमें शिक्षा, आदिम जाति, एवं महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से यह कार्य का सफल संचालन होगा। सीएमएचओ डॉ.रोशन ने बताया कि एक बर्ष से 19 बर्ष तक के 611910 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिले के विकासखण्ड स्तर के मैदानी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया । इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न माध्यमों से ग्राम स्तर तक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया एवं स्कूलों के माध्यम से बच्चों के पालकों को भी गोली खिलाने की जानकारी दी गई है। 01 से 02 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेन्डाजोल 400 एमजी की आधी गोली दो चम्मच के बीच में पीसकर खिलाये 02 से 03 बर्ष के बच्चों को एक गोली पीसकर कर खिलाना है। 03 से 19 वर्ष तक के बच्चों को 400 एमजी 01 गोली चबाकर खिलाई जायेगी। कृमि होने से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक दिमाग में वृद्धि अवरूद्ध हो जाती है। कृमि कई कारणों से बच्चों के पेट में पहुंच सकते है। नंगे पैर खेलने, बिना हाथ धोये खाना खाने, खुले में शौच करने एवं साफ-सफाई न रखने से होती है। वहीं दूसरी ओर उनमें खून की कमी व पोषण स्तर पर दुष्प्रभाव परिलक्षित होता है। इसलिये 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि नाशक एल्बेन्डाजोल की एक गोली पानी के साथ आवश्यक खिलायें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर शोभाराम रोशन ने जिले वासियों से जन अपील की है कि 01 से 19 वर्ष तक की उम्र के बच्चों को कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की एक गोली आवश्यक खिलाएं।

