टीकमगढ़। शासन के निर्देषानुसार जिला मुख्यालय पर संयुक्त कार्यालय परिसर में जनसुनवाई आयोजित की गई। संयुक्त कार्यालय परिसर स्थित जनसुनवाई कक्ष में अपर कलेक्टर श्री पीएस चैहान तथा डिप्टी कलेक्टर श्री एसके तोमर ने संबंधित अधिकारियों के साथ आमजन से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं को सुना तथा निराकरण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिया। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में मंगलवार 12 सितंबर 2023 को आमजन से प्राप्त 78 आवेदनों पर सुनवाई की गई। आवेदन पत्रों को 10 दिवस में निराकृत कर उसका प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में आमजनता से प्राप्त पेंशन, उपचार सहायता, खाद्यान्न पर्ची प्राप्त नहीं होने, गरीबी रेखा में नाम शामिल करने, सीमांकन, विधवा तथा दिव्यांग पेंशन, राहत राशि के वितरण, जाति प्रमाण पत्र तथा सेवानिवृत्त कर्मचारी के भविष्य निधि के भुगतान सहित विभिन्न आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई।

