टीकमगढ़। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश शर्मा तथा एसपी रोहित काशवानी ने संबंधित अधिकारियों के साथ आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के मद्देनजर खरगापुर विधानसभा क्षेत्र के नगर पलेरा सहित अनेक मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर तहसीलदार पलेरा डॉ. अवंतिका तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री शर्मा तथा पुलिस अधीक्षक श्री काशवानी ने शासकीय महाविद्यालय पलेरा, सीएम राइज विद्यालय, ग्राम संजयनगर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित मतदान केंद्रों पर निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता, मतदान केंद्रों पर मतदान कक्ष, शौचालय, पेयजल, तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। पुलिस अधीक्षक श्री काशवानी ने मतदान केंद्रों पर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली तथा अधिकारियों को पुख्ता प्रबंधन के निर्देश दिये। इसके साथ ही कलेक्टर श्री शर्मा ने फोटो निर्वाचक नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 कार्यक्रम अंतर्गत आज से प्रारंभ हो रहे मतदाता सत्यापन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ से चर्चा कर उक्त कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देष दिये। ज्ञातव्य है कि फोटो निर्वाचक नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 कार्यक्रम अंतर्गत मतदाता सूची पूरी तरह से शुद्ध हो, इसके लिए जिले के सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, यह कार्य 30 सितंबर तक किया जायेगा। इस दौरान मृत और दोहरी प्रवृष्टि वाले मतदाताओं की जांच विषेष रूप से की जाएगी।

