टीकमगढ़ । गुरुवार को 10 लक्षण पर्व का तीसरा दिन उत्तम आर्जव धर्म मनाया गया । टीकमगढ़ शहर की नंदीश्वर कॉलोनी स्थित आदिनाथ धाम में 10 लक्षण पर्व के अवसर पर छुल्लक 105 नय सागर जी महाराज के सानिध्य में विशाल पूजन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में प्रातः 07 बजे श्रीजी का अभिषेक, इसके बाद शांति धारा संपन्न हुई । विनय पाठ के बाद देव शास्त्र गुरु पूजन हुई ।आदिनाथ धाम में प्रतिदिन विगत 6 माह से भक्तांबर विधान चल रहा है। शाम को 07 बजे संगीतय आरती एवं 8.30 बजे से शास्त्र प्रवचन हो रहे हैं ।रात्रि 9:00 बजे से जैनागम पाठशाला की बच्चियो द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जा रही है। छुल्लक 105 नय सागर जी महाराज ने 10 लक्षण पर्व के दूसरे दिन अपने प्रवचनों की माध्यम से आर्जव धर्म के बारे में बताया कि किसी को भी छल-कपट कभी नहीं करना चाहिए क्योंकि चोरों के गांव कभी नहीं बसते जो जीव सरल स्वभावी होते हैं, उनके घर में संपदा की अपने आप वृद्धि होती। इस समय में भी उत्तम आर्जव की ही रीति एवं नीति अच्छी मानी है। तथा थोड़ी-सी भी बेईमानी बहुत दुख को देने वाली होती है।छुल्लक जी ने कहा कि अच्छी बातों को ही मन में सोचना चाहिए, वचनों से बोलना चाहिए तथा आचरण में लाना चाहिए। बुरे; असभ्य; दूसरों को हानि, दुख पहुंचाने वाले न तो विचार करना चाहिए, यदि विचार आ जाएं तो वचन में नहीं कहना चाहिए तथा वचनों में कदाचित आ भी जाए, तो आचरण में तो बिल्कुल भी नहीं लाना चाहिए। छुल्लक जी ने कहा कि जीवों को अपने जीवन में मन-वचन-काय में समानता लाना चाहिए।जिस प्रकार दर्पण सरल व स्वच्छ होता है, जैसा उसके सामने चेहरा होता है, वैसा ही दिखाता है; वैसे ही हमें भी अपने मन-वचन-काय में समानता रखनी चाहिए।तथा कपट से प्रीति लगाव अंगारे के समान है। जिसप्रकार अंगारे, ऊपर राख होने से ठंडे दिखते हैं, परंतु अंदर अग्नि होने के कारण छूने पर जला देते हैं; वैसे ही, कपट का भाव ऊपर से तो बहुत अच्छा दिखता है ।ऐसा लगता है जैसे मैंने दूसरे को ठग लिया, बहुत अच्छा किया परंतु वास्तविकता में ठग, कपटी स्वयं को ही ठग रहा है।क्योंकि, कोई और ठगाया जाए अथवा नहीं, पाप कर्म का बंध होने से वह स्वयं ही ठगाया जा रहा है।अधिक छल करने से अधिक लक्ष्मी की प्राप्ति होती है, ऐसा नहीं है क्योंकि लक्ष्मी का मिलना अथवा नहीं मिलना तो पुण्य-पाप के उदय से होता है। प्रेस को यह तमाम जानकारी टीकमगढ़ नगर की नंदीश्वर कॉलोनी निवासी प्रदीप जैन बम्होरी वालों ने व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।

