टीकमगढ़। 15 अक्टूबर 2023 रविवार से अंचल भर में नवदुर्गा महोत्सव की धूम शुरू हो जाएगी जिसके चलते क्षेत्र भर के देवी मंदिरों में भक्तों का तांता तड़के सुबह से ही लगने लगेगा और भक्त मां जगदंबे की सेवा पूजा मैं जुटे नजर आएंगे और भक्त माता रानी को जल चढा़कर उनकी आराधना में लीन दिखाई देंगे। वहीं दूसरी ओर नवदुर्गा महोत्सव के चलते अंचल भर में जगह-जगह माता रानी की झांकियां पंडालों में सजाईं जाएंगी और माता रानी की मूर्तियों की स्थापना की जाएगी जिसको लेकर नगर टीकमगढ़ सहित क्षेत्रभर में भक्तों द्वारा पंडाल सजाए गए हैं और माता रानी के विराजमान को लेकर तमाम तैयारियां भक्तों द्वारा कर लीं गईं हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष में दो बार नवदुर्गा महोत्सव भक्तों द्वारा बड़ी ही श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया जाता है जहां चैत्र माह का नवदुर्गा महोत्सव और क्वांर माह का नवदुर्गा महोत्सव, इन दोनों नवदुर्गा महोत्सवों में भक्तों द्वारा जगत जननी मां जगदंबे की सेवा पूजा आराधना की जाती है और भक्त 09 दिन तक माता रानी का व्रत उपवास कर माता रानी से अपनी अपनी मनोतियां पूरी करने की मांग भी करते हैं।जहां क्वांर माह की नवदुर्गा महोत्सव में माता रानी की झांकियां पंडालों में सजाईं जाती हैं और माता रानी की मूर्तियों को विराजमान भी कराया जाता है और जगह-जगह माता रानी की प्रिय खेती जवारों को भी भक्तों द्वारा बोया जाता है।

