टीकमगढ़। 23 अप्रैल 2024 लोकसभा निर्वाचन-2024 के लिये संसदीय क्षेत्र-06 टीकमगढ़ निर्वाचन क्षेत्र में शुक्रवार 26 अप्रैल को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होना है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश शर्मा के आदेशानुसार लोकसभा संसदीय क्षेत्र-06 टीकमगढ़ (अ.जा.) में होने वाले मतदान के लिये मतदान दल 25 अप्रैल को प्रातः शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, ढोंगा, टीकमगढ़ से रवाना होंगे।
कलेक्टर श्री शर्मा ने मतदान सामग्री वितरण कार्य में लगे सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे प्रातः 5 बजे सामग्री वितरण स्थल पॉलिटेक्निक कॉलेज टीकमगढ़ में उपस्थित रहें। उन्होंने बताया कि रेंडमाइजेशन से पश्चात पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रवेश स्थल पर ही चार्ट चस्पा रहेगा, जिसमें किस मतदान दल को कहाँ जाना है तथा कर्मचारी की कहाँ ड्यूटी होगी, इस सम्बंध में संपूर्ण जानकारी उल्लेखित होगी। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम सभी कर्मचारी अपने मतदान दल से परिचय प्राप्त कर संबंधित स्थान पर एकत्रित होंगे।
कलेक्टर श्री शर्मा ने बताया कि सामग्री वितरण स्थल पर अलग-अलग विधानसभावार काउंटर बनाये गए है। मतदान दल सम्बंधित काउंटर से मतदान सामग्री प्राप्त करेंगे। मतदान दलों की सुविधा के लिये विधानसभावार सुविधा केंद्र बनाए गये हैं। सुविधा केन्द्रों पर मे आई हेल्प यू थीम पर टीम लगाई गई है, जो मे आई हेल्प यू की टी-शर्ट पहन कर मतदान दलों की मदद करेगी, जिससे मतदान दलों को सामग्री प्राप्त करने में कोई असुविधा नहीं हो तथा मतदान दल सुविधाजनक तरीके से तथा शीघ्र सामग्री लेकर मतदान केन्द्रों के लिये रवाना हो सकेंगे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

