टीकमगढ़। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 टीकमगढ़ में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए एक गरीब परिवार का छात्र परेशान हो रहा है। छात्र के पिता हरीराम अहिरवार, निवासी ढोगा, ने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर सीट बढ़ाकर प्रवेश दिलाने की मांग की है।
क्या है मामला
आवेदन के अनुसार, छात्र ध्रुव अहिरवार ने उत्कृष्ट स्कूल की चयन परीक्षा दी थी। SC वर्ग में उसे 40 अंक प्राप्त हुए। पिता का आरोप है कि संस्था से बार-बार संपर्क करने पर “वेटिंग में होने” का हवाला दिया गया। सोमवार को जब स्कूल पहुंचे तो प्राचार्य ने कहा कि 240 सीटें भर चुकी हैं।
पिता हरीराम का कहना है कि “40 अंक के आसपास वाले अन्य बच्चों को प्रवेश मिल गया, लेकिन मेरे बेटे को प्रवेश नहीं दिया जा रहा। बच्चा उत्कृष्ट स्कूल में पढ़ने की इच्छा रखता है, प्रवेश न मिलने से हतोत्साहित हो गया है।”
कलेक्टर से लगाई गुहार
परिवार ने कलेक्टर को दिए आवेदन में लिखा है कि वह गरीब परिवार से हैं। बच्चे की इच्छा और मेरिट को देखते हुए कक्षा 9वीं की सीटें बढ़ाकर प्रवेश दिलाया जाए। यदि प्रवेश मिलता है तो छात्र गौरवान्वित महसूस करेगा।
प्राचार्य का पक्ष
इस संबंध में स्कूल प्रबंधन का कहना है कि उत्कृष्ट स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट और शासन के नियमानुसार होती है। कक्षा 9वीं के लिए निर्धारित 240 सीटें चयन सूची के अनुसार भर चुकी हैं। वेटिंग लिस्ट के छात्रों को सीट रिक्त होने पर ही मौका दिया जा सकता है।
प्रशासन का रुख
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। नियमानुसार परीक्षण कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उत्कृष्ट स्कूलों में सीट वृद्धि का अधिकार संचालनालय स्तर का है।
विशेष: उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रवेश के लिए हर साल मारामारी रहती है। सीमित सीटों के कारण कई योग्य छात्र प्रवेश से वंचित रह जाते हैं।

