टीकमगढ़।लोकसभा निर्वाचन-2024 अंतर्गत मतगणना की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार लोकसभा निर्वाचन-2024 के लिये मतगणना 4 जून 2024 को प्रातः 8 बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक कालेज नवीन परिसर, ढोंगा टीकमगढ़ में प्रारम्भ होगी। मतगणना की सभी तैयारियां की जा चुकी हैं। मतगणना केन्द्र में सुरक्षा मापदण्डों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गये हैं। मतगणना का दिन शुष्क दिवस घोषित किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश शर्मा ने बताया कि ईव्हीएम में डाले गये मतों एवं पोस्टल बैलेट के मतों की गणना एक साथ प्रांरभ होगी। विधानसभा क्षेत्र 43-टीकमगढ़ एवं 47-खरगापुर में 18-18 टेबिल एवं 44-जतारा में 16 टेबिल पर मतगणना की जावेगी। विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 43-टीकमगढ़ 15 राउण्ड में पूरी होगी जबकि 44-जतारा एवं 47-खरगापुर में 16 राउण्ड में मतगणना पूरी होगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शर्मा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के द्वारा जिले के लिये मतगणना प्रेक्षक की नियुक्ति की गई है। प्रेक्षक महोदय जिले में उपस्थित हो गये है। सम्पूर्ण संसदीय क्षेत्र के पोस्टल बैलट की मतगणना अलग कक्ष में सम्पन्न हो रही है जिसके लिये 6 टेबिल लगाई गई है। मतगणना स्थल पर अभ्यर्थी या उसका निर्वाचन अभिकर्त्ता स्वयं उपस्थित रहेगा। मतगणना की प्रत्येक टेबिल पर अपने एजेंट नियुक्त कर सकेंगें। प्रत्येक टेबिल पर मतगणना सुपरवाईजर, मतगणना सहायक, माईक्रो आब्जंबर मतगणना कार्य तैनात रहेगें।
मतगणना के लिये कर्मचारियों प्रातः 6 बजे मतगणना स्थल पर उपस्थित होगें। आयोग के निर्देशानुसार मतगणना स्थल पर किसी भी प्रकार की इलैक्ट्रॉनिक गैजेट जैसे कैमरा, मोबाइल,ब्लूटूथ इत्यादि ले जाने की अनुमति नहीं है। दण्ड प्रक्रिया संहित की धारा-144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया जाकर मतगणना स्थल शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज (नवीन परिसर), ढोंगा टीकमगढ़ के परिसर के अंदर आग्नेय अस्त्र-शस्त्र, ज्वलनशील पदार्थ तथा बीड़ी, सिगरेट, माचिस ले जाना प्रतिबंधित किया गया है। मतगणना परिसर के अंदर धरना प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी, पुतला दहन का आयोजन तथा पटाखों के प्रयोग इत्यादि पर प्रतिबंध रहेगा।
मतगणना स्थल पर मीडिया प्रतिनिधियों के लिये एक मीडिया सेन्टर बनाया गया है जंहा पर समस्त प्रकार की सुविधायें उपलब्ध है मीडिया प्रतिनिधि गेट नंबर 2 से प्रवेश करेगें। राजनैतिक दलों एजेंट गेट नंबर 3 से प्रवेश कर अपने अपने मतगणना कक्ष में जायेंगे। मतगणना में लगाये गये अधिकारी/कर्मचारी गेट नंबर 1 से प्रवेश करेगें। मीडिया प्रतिनिधि सहित समस्त अधिकारी कर्मचारी को परिचय पत्र होने पर ही प्रवेश दिया जायेगा।
आयोग की वेबसाईट पर देखें जा सकेंगे मतगणना के परिणाम
मतगणना के परिणाम के लिए जिलों में स्क्रीन आदि पर व्यवस्था की गई है। मतगणना के परिणाम भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाईट तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश की वेबसाईट ceomadhyapradesh.nic.in पर भी प्रदर्शित होंगे। इसके साथ ही वोटर हेल्पलाइन ऐप पर भी मतगणना के परिणाम उपलब्ध रहेगें। ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

