प्रदीप गुप्ता/नर्मदापुरम/ यातायात प्रभारी आशीष पवार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के आदेश से चलाये जा रहे हेलमेट अभियान में आज यातायात पुलिस का मुख्य फोकस पुलिस कर्मचारी तथा उनके परिजनों पर रहा । आज सुबह से ही पुलिस लाइन का होमगार्ड कार्यालय के सामने वाला गेट बंद रख कर केवल महिला थाना के पास का गेट चालू रखा गया था, जहां निरीक्षक यातायात आशीष सिंह पवार, सूबेदार विनय अडलक, सूबेदार ईशान रिछारिया, उनि. दिनेश मिश्रा यातायात तथा महिला थाना के बल के साथ तैनात रहे। पुलिस द्वारा बड़ी ही सख्ती से बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चालक पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी तथा उनके परिजनों को रोककर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किये। चालानी कार्यवाही के दौरान शहर तथा जिले में पदस्थ अनेक उपनिरीक्षक सहा. उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक कोर्ट मुंशी, डाक रनर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियो के चालक तथा गनमेन के विरुध्द चालानी कार्यवाही की । पुलिस कर्मचारियों के बच्चो अन्य परिजनों तथा पुलिस लाइन में आवश्यक वस्तुओ की सप्लाई करने वालो लोगो को भी नही बख्शा गया । आज दिनभर की कार्यवाही में कुल 73 चालान कर रुपया 20,000/- राशि शमन शुल्क के रूप में वसूल की गयी । इस दौरान अनेक बार कर्मचारियों में आपस में नोक-झोक भी हुई। जिसे मौके पर उपलब्ध अधिकारियो ने समझाइश देकर समाप्त कराया। निरीक्षक आशीष सिंह पवार ने बताया की आगामी दिनों में नगर पालिका, स्कूल, कॉलेज न्यायालय के बाहर भी हेलमेट अभियान की कार्यवाही की जावेगी । पुलिस द्वारा सभी से लगातार अपील की जा रही है कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य धारण करे।

