टीकमगढ़। जिला अंजुमन इस्लामिया कमेटी टीकमगढ़ द्वारा जश्न ए ईद मिलादुन्नबी इस वर्ष भी धार्मिक उत्साह और शानो शौकत के साथ 26 अगस्त 2026 बुधवार को मनाया जाएगा मिलाद उन नबी का हिंदी में अर्थ पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब का जन्मदिवस या नबी की पैदाइश का दिन होता है। 12 रबीउल अव्वल के मुबारक मौके पर बुधवार 26 अगस्त को शहर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर जुलूस ए मोहम्मदी निकाला जाएगा जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
जामा मस्जिद से शुरू होगा जुलूस
जिला अंजुमन इस्लामिया कमेटी के अनुसार मुख्य जुलूस दोपहर 2 बजे नमाज ए जुहर के बाद जामा मस्जिद से शुरू होगा। जुलूस पुरानी गल्ला मंडी जवाहर चौक कटरा बाजार नगर भवन सुभाष बुक डिपो स्टेट बैंक चौराहा कोतवाली पुराना बस स्टैंड मोमीन दरवाजा और पटला मोहल्ला होते हुए सैल सागर चौराहा पहुंचेगा। इसके बाद जुलूस वापस जामा मस्जिद पहुंचेगा जहां शाम करीब 7 बजे सलातो सलाम के साथ समापन किया जाएगा।
इस्लामी लिबास में शामिल होने की अपील
अंजुमन इस्लामिया के सदर हाजी मोहम्मद रज्जाक ने शहरवासियों से जुलूस में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने लोगों से इस्लामी लिबास में अदब और एहतराम के साथ जुलूस में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।
अमन और भाईचारे का दिया जाएगा संदेश
जामा मस्जिद टीकमगढ़ के पेश इमाम मुहम्मद शहंशाह सादी चिश्ती ने कहा कि जश्न ए ईद मिलादुन्नबी का यह मुबारक अवसर हमें पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की सीरत और उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर अमन, भाईचारे और मोहब्बत का पैगाम समाज में फैलाने का संकल्प लेना चाहिए।
क्या है ईद मिलादुन्नबी
ईद मिलादुन्नबी मुस्लिम समाज के प्रमुख धार्मिक अवसरों में से एक है। मिलादुन्नबी का अर्थ पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस से है। रबीउल अव्वल इस्लामी कैलेंडर का तीसरा महीना है और मुस्लिम समाज में इस महीने को विशेष महत्व दिया जाता है। इस अवसर पर लोग इबादत करते हैं घरों को सजाते हैं जरूरतमंदों की मदद करते हैं और पैगंबर साहब की शिक्षाओं एवं उनके जीवन से प्रेरणा लेते हैं।
कमेटी ने जुलूस के दौरान सभी लोगों से अनुशासन शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

