टीकमगढ़। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती 12 जनवरी आज युवा दिवस के रूप में मनाई गई। युवा दिवस के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय पर नजरबाग प्रांगण में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया।इसके साथ ही जिले की शैक्षणिक संस्थाओं एवं निकायों में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री अमित नुना, सांसद प्रतिनिधि श्री अनुराग वर्मा, पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री केके श्रीवास्तव, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री अवधेश शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर तथा स्वामी विवेकानंद जी फोटो पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला मुख्यालय पर नजरबाग प्रागंण में श्री अमित नुना, पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री केके श्रीवास्तव, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री अवधेश शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नवीत कुमार धुर्वे, एएसपी श्री सीताराम ससत्या, टीकमगढ़ एसडीएम श्री संजय कुमार दुबे, सहित शासकीय अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में सामूहिक सूर्यनमस्कार सहित योग अभ्यास किया।
इसके साथ ही स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर जिले के समस्त शासकीय व अशासकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों व योग प्रेमियों ने स्कूलों में पहुंचकर सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में भाग लिया। आकाशवाणी द्वारा प्रसारित कार्यक्रम के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थाओं में प्रातः 9 बजे से सूर्य नमस्कार कार्यक्रम वंदे मात्रम गायन से आरंभ हुआ। साथ ही स्वामी विवेकानंद जी द्वारा शिकागो में दिये गये भाषण को सुना गया। तत्पश्चात मध्यप्रदेश गान और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का सीधा प्रसारण उपस्थितजनों ने सुना। इसके बाद समस्त छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, शासकीय सेवकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और समाजसेवियों ने सूर्य नमस्कार के समस्त 12 आसनों के अभ्यास पूरे किये। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने प्राणायाम तथा अनुलोम-विलोम का अभ्यास किया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

