प्रदीप गुप्ता/नर्मदापुरम / मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से ना छूटे यह सुनिश्चित करें। यह निर्देश नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर मालसिंह ने केसला ब्लाक के निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को दिए हैं। कमिश्नर ने गुरुवार को केसला ब्लाक के ग्राम पथरोटा, जुझारपुर एवं देहरी में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत आयोजित द्वितीय शिवरों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां योजनाओं का लाभ लेने के लिए जनसाधारण द्वारा दिए गए एक एक आवेदन और उनके निराकरण की विस्तार से समीक्षा की। कमिश्नर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत 31 अक्टूबर तक सभी पात्र व्यक्तियों को निर्धारित 37 योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित रहने की दशा में संबंधित के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
*ग्रामीणों से की रूबरू चर्चा*
कमिश्नर मालसिंह ने इन शिविरों में ग्रामीणों से रूबरू चर्चा कर उनकी समस्याएं जानी। साथ ही पेयजल व्यवस्था, राशन पोषण आहार वितरण आदि व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा आबादी की भूमि संबंधी समस्या बताए जाने पर उनका शीघ्र निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
*ग्रामीण अभियान का लाभ उठाएं*
कमिश्नर मालसिंह ने ग्रामीणों से चर्चा कर कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत 31 अक्टूबर तक विभिन्न विभागों की 37 योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ देने के लिए शासन प्रशासन सक्रिय है। जिसके तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों से आग्रह है कि वह आगे आकर इस अभियान का लाभ उठाएं। सभी को उनकी पात्रता के अनुरुप लाभांवित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाभ उठाने के लिए शिविर का इंतजार न करें। आवेदक सीधे जनपद कार्यालय एवं जिला कार्यालय में भी आवेदन दे सकते हैं।
*इन योजनाओं की समीक्षा*
कमिश्नर ने शिविर में आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना, लाडली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पशु पालकों एवं मत्स्य पालकों के केसीसी कार्ड, संबल योजना, पेंशन योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा ,सीमांकन एवं नक्शा सुधार के प्राप्त आवेदनों की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार इटारसी राजीव कहार, जनपद सीईओ केसला वंदना कैथल सहित विभिन्न विभागों के विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

