टीकमगढ़। निर्वाचन आयोग के निर्देषानुसार स्थानीय उत्सव भवन टीकमगढ़ में 15वें राष्टीय मतदाता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का कलेक्टर अवधेष शर्मा तथा पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया गया। समारोह में एसडीएम टीकमगढ़ श्री संजय कुमार दुबे सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और युवा मतदाता उपस्थित रहे। समारोह में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शर्मा ने सभी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का उद्देश्य मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना और निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराना है। इस वर्ष निर्वाचन आयोग द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ‘‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम‘‘ निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि लोकतंत्र को और अधिक मजबूत, सशक्त बनाएं। मतदाता सूची जितनी अधिक शुद्ध और अद्यतन होगी, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। इसके लिए 18 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही नागरिक अपना, परिजनों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं। सशक्त लोकतंत्र में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मतदाता होता है। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि हमारा भारत दुनिया में सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। सशक्त लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचितापूर्ण और पारदर्शिता के साथ निर्वाचन जरूरी होता है। मतदाताओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदान करने हेतु प्रेरित किया जाता है, मतदान प्रक्रिया और मतगणना सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न कराई जाती है। हमारे देश की निर्वाचन प्रक्रिया को जानने और समझने अनेक देशों के प्रतिनिधि आते हैं। समारोह में नवीन मतदाताओं को इपिक कार्ड प्रदान किए गए। साथ ही मतदाता जागरूकता संबंधी प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। समारोह में निर्वाचन संबंधी उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये। तत्पष्चात समारेह में कलेक्टर श्री शर्मा ने उपस्थित मतदाताओं को लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में स्वतंत्र तथा निष्पक्ष रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई।

