टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले के सोनकच्छ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम से लाडली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि तथा किसान कल्याण योजना के हितग्राहियों को अनुदान राशि का हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया। इस कार्यक्रम को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष सहित जिले के जनपद व नगरीय एवं ग्रामीण निकायों में देखने एवं सुनने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगणों के साथ ही बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से जिले की 2 लाख 8 हजार 226 लाड़ली बहनों के खातों में 25 करोड 55 लाख 23 हजार 300 रूपये की राषि अंतरित की। साथ ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत जिले के 166352 किसानों के खातों में 33 करोड़ की राशि एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत जिले के हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित की गई। लाड़ली बहना का लाभ पाकर लाड़ली बहनें खुश हैं तथा खुश होकर कहती हैं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और हमारे भैया डॉ. मोहन यादव ने हम लाड़ली बहनों को योजना की 20वीं किश्त दी है,जिसका उपयोग हम अपने बच्चों की पढ़ाई तथा अपने खर्च में करेंगे। इसके लिये मुख्यमंत्री का हम सभी बहनें बहुत-बहुत आभार व्यक्त कर धन्यवाद देती हैं।

