टीकमगढ़ । ओबीसी महासभा जिला इकाई द्वारा जिला प्रभारी रविन्द्र सिंह लोधी के नेतृत्व में 13 फरवरी 2025 गुरुवार के दिन जातिगत जनगणना, पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने सहित अन्य 05 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपते समय रविन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि माननीय हाई कोर्ट के द्वारा पिछड़ा वर्ग आरक्षण विरोधी सभी याचिकाएं निरस्त किए जाने के बाद भी सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण के संबंध में कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है और न ही रुकी हुई भर्तियों को भरा गया ,यदि जल्द ओबीसी वर्ग को न्याय नहीं मिलता है तो ओबीसी महासभा आने वाले समय में सीएम हाउस का घेराव करेगी। ओबीसी महासभा ने जिन मांगों का ज्ञापन में उल्लेख किया है उनमें पिछड़ा वर्ग के संवैधानिक अधिकारों को 9 वीं अनुसूची में शामिल किया जाए। पिछड़ा वर्ग द्वारा मंदिरों को दान की गई भूमि वापिस लौटाई जाए। मध्य प्रदेश के सभी विभागों और कार्यालयों में पिछड़ा वर्ग के 50% अधिकारी रखे जाएं। मध्य प्रदेश के सभी शासकीय कन्या विद्यालयों व प्राइवेट स्कूलों के सामने सीसीटीवी कैमरा लगवाएं जाएं। मध्य प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों को अधिक से अधिक राशि का आवंटन किया जाए जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का विकास हो सके। ज्ञापन के दौरान ओबीसी महासभा के मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष नीलेश यादव,प्रभु लोधी,रूपसिंह यादव,देवेंद्र कुशवाहा,रविन्द्र यादव,इंद्रेश यादव,राघवेंद्र राजपूत ,राहुल लोधी सहित अन्य मौजूद रहे। प्रेस को यह तमाम जानकारी ओबीसी महासभा के जिला प्रभारी रविंद्र सिंह लोधी ने व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।

