टीकमगढ़ । विश्व प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन नगरी ओरछा के विकास की माँग को लेकर रविवार को जिले के प्रवास के दौरान मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह यादव को भाजपा नेता विकास यादव ने अपने साथी कार्यकर्ताओं सहित एक छह सूत्रीय माँग पत्र सौंपा है। विधानसभा प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह यादव को सौंपे माँग पत्र में श्री यादव ने बताया कि हाल ही में केन्द्र सरकार द्वारा ओरछा के सर्वांगीण विकास के लिये 99 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है इसलिये ओरछा में पर्यटन की बढ़ती सम्भावनाओं को देखते हुए कुछ आवश्यक कार्य कराना जरूरी है जैसे कि- 1605-1627 के बीच महाराज वीर सिंह द्वारा निर्माण कराये गये धन एवं वैभव की अधिष्ठात्री देवी लक्ष्मी को समर्पित श्री लक्ष्मी मंदिर जिसकी संरचना वास्तुशास्त्र के अनुसार श्रीयंत्र के रूप में है और यह मंदिर बाहर से उल्लू की चोंचनुमा दिखाई देता है और यह मंदिर श्री लक्ष्मी नारायण के शक्तिपीठ के रूप में है। इस मंदिर से लगभग 40 वर्ष पूर्व उनकी मूर्ति चोरी हो गई थी इसलिये इस मंदिर में श्री लक्ष्मीनारायण की प्राण प्रतिष्ठा कराई जाये, इस नगरी में रियासतकाल के दौरान जहाँगीर महल का निर्माण कराया गया था जो बुन्देला एवं मुगलों की मित्रता की निशानी है और आज भी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र है। रियासतकाल में बने इस महल का नाम उस समय के अनुसार भले ही जहाँगीर महल रखा गया हो, किन्तु कई सदियों से यह महल श्री रामराजा सरकार की नगरी में सनातन संस्कृति से जुड़ा है। मध्यकाल में रानी कुँवर गणेश आयोध्या से 08 माह 28 दिन पैदल चलकर भगवान श्री राम को ओरछा लेकर आईं थी तब से रानी की रसोई में श्री रामराजा सरकार विराजमान है। इसलिये जहाँगीर महल का नाम परिवर्तित कर इसे रानी कुँवर गणेश महल और श्री राम राजा मंदिर के बाहर स्थित प्रांगण में रानी कुंअर गणेश की श्री राम लला को गोद में लिए एक भव्य प्रतिमा की स्थापना कर इस महान सख्सियत को समुचित सम्मान प्रदान किया जाये, राजा महल में महाराज मधुकर शाह एवं जहाँगीर महल में रानी कुँवर गणेश की आदमकद प्रतिमा की स्थापना कराई जाये, ओरछा नगर से लगे हुए सभी ऐतिहासिक भवनों का जीर्णोद्धार एवं सौन्दर्यीकरण कराया जाये एवं राजस्थान की राजधानी जयपुर की तर्ज पर समूचे ओरछा में शासकीय व अशासकीय भवन, दुकान इत्यादि के लिये एक निर्धारित रंग का चयन कर सभी के लिये इसके अनुपालन की अनिवार्यता की जाये।सभी माँगों को गम्भीरता से लेते हुए विधानसभा प्रमुख श्री यादव ने शीघ्र ही उचित कार्यवाही कराने का भरोसा दिलाया है। प्रेस को यह तमाम जानकारी भाजपा नेता विकास यादव ने व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।

