टीकमगढ़। ईद-उल-फितर के रोज गुरूवार को सबसे पहले सुबह 8 बजते ही शहर की ईदगाह में ईद की नमाज अदा की गई। इसके बाद मुस्लिम समाज के लोगाें ने एक दूसरे को ईद की बधाईयां देते हुए ईद की शुभकामनाएं प्रेषित की है। जिले में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। सिविल लाईन स्थित ईदगाह में मुख्य नमाज अदा की गई। इसमें सैंकड़ों मुस्लिम भाईयों ने अमन चैन की दुआ मांगी। ईदगाह में सुबह से ही मुस्लिम भाईयों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी और ईदगाह के बाहर मेले जैसा नजारा था। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे और ईद के त्योहार पर आज ईदगाह के बाहर सुबह से ही खैरात लेने वालों की लाइन लग गई।
मुफ्ती मोहम्मद शहंशाह पेश इमाम जामा मस्जिद द्वारा ईद की नमाज पढ़ाई गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए बड़ा ही मुबारक दिन है इस दिन को अल्लाह हमें अनेक इनामों इकरामात से नवाजता है और बंदे पूरे रमजान के रोजे रखते है और अल्लाह की इबादत करते है। हमें चाहिए की हम जैसी ईद मनाते है वैसी ईद हम अपने उन भाई को भी मनवाएं जो गरीब हैं। जिनकी माली हालत कमजोर है उनकी ईद भी हमारी तरह मने उन्हें अहसास न हो कि वे कमजोर है या यह कर नहीं सकते।
सुबह से पहुंचे नमाजी :
हजारों की संख्या में पहुंचे लोग ईद पर्व के मौके पर मुफ्ती मोहम्मद शहंशाह पेशे जामा मस्जिद ने कहा कि आज ईद के त्योहार पर ईदगाह में हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा की. इस मौके पर सभी भाईयों को अल्लाह का पैगाम देता हूं कि देश और दुनिया में आपसी भाईचारा कायम रखें। रमजान का महीना मुस्लिम समाज के लिए बहुत कीमती माना जाता है। इस महीने में अल्लाह की इबादत करके साल के 11 महीने में जो कमी या गलती हुई है, जिनसे रब नाराज हो गए हैं वह सब एक महीने रोजा रखकर रमजान के महीने में रात को जागकर जब अल्लाह की इबादत करते हैं तो अल्लाह भी उनकी गलतियों को माफ कर देता है।
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय तथा पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा सयुंक्त रूप से शहर में ईद के त्योहार के अवसर पर मस्जिदों के बाहर एवं शहर में लगाई गई सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए भ्रमण किया,जिसमें शहर में सुरक्षा हेतु लगाए गए फिक्स पाइंट्स के पुलिस बल, मस्जिदों पर लगे सुरक्षा बल एवं पेट्रोलिंग पार्टियों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय तथा पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने मुस्लिम धर्मावलंबियों से मुलाकात की एवं उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। साथ ही ईद के त्योहार को सभी के साथ मिलकर शांति पूर्वक मनाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने आमजन से अपील की है कि आगामी त्योहार शांति पूर्वक मनाएँ एवं किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक संदिग्ध गतिविधि में शामिल न हों।