टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में गुरूवार को जनपद पंचायत बल्देवगढ़ के सभाकक्ष में जिले में पलायन रोकने हेतु किये जा रहे नवाचार गांव में रोजगार-पलायन पर वार अभियान के तहत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, जनपद पंचायत सीईओ, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, उपयंत्री, विकासखण्ड बल्देवगढ़ की चयनित 20 पंचायतों के सरपंच सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देषित किया कि ग्रामों में चयनित मनरेगा के तहत कार्याें की तकनीकि स्वीकृति शीघ्र दी जाये, जिससे इन ग्रामों में शीघ्र कार्य प्रारंभ कराकर लोगों को ग्रामों में ही रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जो लोग पलायन करते हैं, उनसे मिलकर समझाइश दी जाए कि अपने ग्राम में ही रहकर कार्य करें। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सभी सरपंचों से उनके ग्रामों में चल रहे कार्यों की चर्चा की और उसमें आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार हमें ग्रामों में चार गुना अधिक कार्य कराना है ताकि लोगों को रोजगार की कोई कमी न हो। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने बताया कि अभियान के तहत बल्देवगढ़ जनपद की 20 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है, जहां से अधिक संख्या में पलायन होता था, जिसे रोकने हेतु जिले में गांव में रोजगार- पलायन पर वार अभियान प्रारम्भ किया गया है। अभियान अंतर्गत हमें इस वर्ष पलायन की स्थिति को रोकना है। इस हेतु जमीनी स्तर पर लोगों से मिलकर चर्चा की थी, जिसके आधार पर ही हमने गांव में रोजगार-पलायन पर वार अभियान चलाया है। यह अभियान उन लोगों के लिये है जो बाहर जाने वाले हैं और उनको लगता है कि हमारे ग्राम में ही हमें काम मिल जाये। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में ऐसे ग्रामों का चयन किया है, जहां से अधिक पलायन होता था, उनमें ऐसे सभी कार्यों की सूची बनाई है, जिससे लोगों को ग्रामों में ही रोजगार मिल सके।

