प्रदीप गुप्ता/नर्मदापूरम/ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ प्रभुराम चौधरी एवं उच्च शिक्षा मंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ मोहन यादव ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की विभागवार समीक्षा की। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान से हर पात्र व्यक्ति को लाभान्वित किया जाए। योजनाओं के लाभ से कोई भी नहीं छूटे। मैदानी स्तर पर अभियान की माइक्रो मॉनिटरिंग की जाए। अभियान में सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाए। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर तकनीक रूप से दक्ष ग्राम रोजगार सहायक को भी आईडी उपलब्ध करवाएं ताकि वह पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बना सके। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान अच्छा अवसर है, हर जरूरतमंद व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का योजनाओं में प्राप्त आवेदनों को निरस्त ना करें। अस्वीकृत किए गए आवेदनों का पुनः परीक्षण किया जाए। उन्होंने अभियान के तहत नामांतरण, बंटवारा जैसे अन्य राजस्व प्रकरणों के भी आवेदन प्राप्त कर उनके निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों के जाति प्रमाण पत्र भी बनाएं जाए। पंचायतों की बैठक आयोजित कर जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को और सरल करने की दिशा में प्रयास करें। बैठक कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत अभी तक कुल 165361 आवेदन प्राप्त हुए हैं , जिसमें से 124412 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं एवं 10658 आवेदन अस्वीकृत किए गए हैं। शेष 30278 आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है। बैठक में विधायक सोहागपुर ठाकुर विजयपाल सिंह, दर्शन सिंह चौधरी, पीयूष शर्मा तथा कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरन सिंह, जिला पंचायत सीईओ मनोज सरियाम, अपर कलेक्टर मनोज सिंह ठाकुर सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

