


नर्मदापुरम / नगर के सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान बारिश के मौसम को देखते हुए तेजगति से चलाया जा रहा है। वहीं नगर के अनेक क्षेत्र ऐसे हैं जहां कचरा ज्यादा एकत्रित होता है वहां विशेष रूप से पोकलेन और जेसीबी की मदद से कचरा साफ कराया जा रहा है। स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर समूचे नगर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को आईटीआई क्षेत्र के नाले नालियों में एकत्रित हुए कचरे को साफ कराया गया। वहीं एनएमवी कालेज के पास नाला भी पालिथिन, पन्नी से चौक हो गया था उसे भी जेसीबी की मदद से साफ कराया गया है। स्वच्छता निरीक्षक श्री तिवारी ने बताया कि नागरिकों से कचरा नाले नालियों और खुले प्लाटों में कचरा न फैंकने की अपील की जा रही है। सड़क किनारे या फिर यहां वहां कचरा फैंकने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। हम लगातार कचरा वाहनों की मानिटरिंग कर रहे हैं कचरा वाहन हर वार्ड में पहुंच रहा है।
नगरपालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने बताया कि नगर में अनेक धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में नगर को स्वच्छ रखना आपकी और हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि आपके द्वार कचरा वाहन पहुंच रहा है। कचरा उसी में डालें। यहां वहां कचरा न फैंकें। कचरा नालियों में फंसकर जलभराव की स्थिति उत्पन्न करता है।
*बाढ़ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया*
नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर मंगलवार को नगरपालिका के अधिकारियों द्वारा सेठानीघाट पर बने बाढ़ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को पुख्ता रखने के निर्देश दिए। बाढ़ आपदा सहायक प्रभारी अधिकारी योगेश सोनी ने बताया कि प्रभारी अधिकारी दीक्षा तिवारी द्वारा सेठानीघाट पर बने बाढ़ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया गया। जल स्तर पर निगरानी रखने के, घाटों की साफ सफाई व्यवस्था और घाट पर उद्घोषणा करते रहने के निर्देश दिए गए। बाढ़ संबंधित सभी व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
*सड़क से हटाया अतिक्रमण*
नगर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए नगर की सड़क किनारे व्यवसाय करने वालों को लगातार हटाया कर उन्हें निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अतिक्रमण दल प्रभारी सुनील राजपूत ने बताया कि नपाध्यक्ष और मुख्य नगपालिका अधिकारी के निर्देश पर लगातार सड़कों का निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी फल सब्जी या अन्य ठेले वाले सड़क किनारे खड़ा कर व्यवसाय कर रहे हैं उनको निर्धारित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। उन्हें समझाइश भी दी जा रही है। दोबारा सड़क किनारे मिले तो अब जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
*नगर सीमा से बाहर किए पशु*
हांका दल प्रभारी गगन सोनी ने बताया कि आवारा पशुओं को लगातार नगर सीमा से बाहर किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले पशुओं की निगरानी की जा रही है। नगर की चहुंओर की सड़कों पर हाका दल के कर्मचारियों को तैनात किया गया है। सोमवार और मंगलवार को नगर के प्रमुख चौक चौराहों से आवारा पशुओं को पकड़कर नगर सीमा से बाहर किया गया। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। गगन सोनी ने नगर के पशु पालकों से आग्रह किया है वे कि अपने पशुओं को बांधकर रखें। आवारा न छोड़ें इससे दुर्घटना होने की संभावना रहती है।

