
नर्मदापुरम / कौशल श्री विकास समिति द्वारा आयोजित “कौन बनेगा मैथ्स चैंपियन ” प्रतियोगिता रविवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। प्रतियोगिता में शामिल नन्हे गणितज्ञों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सबको चौंका दिया, महज 10 मिनट में 150 जटिल सवाल हल कर बच्चों ने अपनी गति, एकाग्रता और गणना कौशल का जबरदस्त प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद् अरुण शर्मा ने कहा कि “गणित बच्चों के मस्तिष्क को तीव्र बनाने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन और उत्तरदायित्व सिखाता है। इसकी निरंतर प्रैक्टिस से आत्मविश्वास और फोकस दोनों ही विकसित होते हैं।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी अजय सैनी ने कहा कि “इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में बड़े मंचों के लिए मानसिक तैयारी और प्रतिस्पर्धात्मक दृष्टिकोण का विकास करती हैं। शहर में ऐसी पहल लगातार होना आवश्यक हैं।”
कौशल श्री विकास समिति के संयोजक मनीष बिल्लौरे ने कहा कि “बच्चों की यह दक्षता उनके उज्जवल भविष्य की ओर स्पष्ट संकेत करती है। हमारा प्रयास है कि हर बच्चे को गणित से डर नहीं, दोस्ती हो।”
प्रतियोगिता को चार स्तरों — बिगिनर्स, बेसिक, एडवांस और हायर में विभाजित किया गया था। बच्चों को उनकी उम्र और कक्षा के अनुरूप प्रश्न पत्र दिए गए। 150 गणितीय सवालों को कुछ प्रतिभागियों ने मात्र 6 से 7 मिनट में ही हल कर सबको चकित कर दिया। कार्यक्रम का संचालन जेबा गौहर ने प्रभावशाली ढंग से किया। आयोजन में मुख्य रूप से पार्षद नरेंद्र यादव, पूर्व सरपंच अंबिका राजपूत, नर्मदा प्रसाद वर्मा, राकेश पांडे, सुनील सोनी, देवीसिंह राजपूत, सूरत सिंह, सतीश बिल्लौरे, सलोनी सराठे, सोनम रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।

