
सिवनी मालवा / नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित सोनिया गांधी कॉम्प्लेक्स एवं सार्वजनिक मूत्रालय परिसर में रविवार को समाजसेवियों द्वारा भव्य स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं, समाजसेवियों और नागरिकों ने हिस्सा लिया और साफ-सफाई के महत्व पर जोर दिया। अभियान के दौरान उपस्थित समाजसेवियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की और लोगों से अपील की कि नगर को स्वच्छ बनाए रखना केवल नगर पालिका की ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति यह संकल्प ले ले कि वह गंदगी नहीं फैलाएगा तो सिवनी मालवा को प्रदेश के सबसे स्वच्छ नगरों में गिना जा सकता है।
*स्वच्छता ही सेवा – यही संदेश*
समाजसेवियों ने कहा कि स्वच्छता केवल दिखावे के लिए नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है। गंदगी से बीमारियाँ फैलती हैं और नगर की छवि खराब होती है। वहीं स्वच्छ वातावरण से नगरवासियों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है और नगर की पहचान भी सकारात्मक रूप से होती है।
*अभियान में सक्रिय भागीदारी*
अभियान में विपिन मालवीया, विजय कुशवाहा, मोहित सराठे, विशाल सराठे, दिनेश राठोर, विकास श्रीवास, माखन राजपूत, श्याम रघुवंशी, अजय गौर, मनोज लौवंशी, पदम सिंह राजपूत सहित अनेक समाजसेवी शामिल हुए। सभी ने मिलकर सफाई की और नगरवासियों को जागरूक किया। विपिन मालवीया का कहना है कि “नगर को स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। केवल सफाई कर्मचारी ही सफाई करें, यह सोच गलत है। यदि हर नागरिक आगे आए तो हमारा नगर न केवल स्वच्छ होगा बल्कि पूरे जिले में मिसाल बन सकता है।” विजय कुशवाहा का कहना है कि “हमारे लिए यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक आंदोलन है। हम चाहते हैं कि सिवनी मालवा का हर नागरिक इस मुहिम का हिस्सा बने और आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण मिले।”
*नगरवासियों में उत्साह*
इस अभियान को देखकर आस-पास के नागरिक भी प्रभावित हुए और उन्होंने स्वयं आगे आकर सफाई में सहयोग दिया। कई दुकानदारों ने अपने-अपने दुकानों के सामने झाड़ू लगाकर स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का परिचय दिया।

