
सिवनी मालवा / डोल ग्यारस के उपलक्ष्य में नगर के वार्ड क्रमांक 08 काशी गली स्थित केवट समाज द्वारा परंपरागत रूप से भव्य विमान यात्रा निकाली गई। धार्मिक धुनों और भजनों के बीच निकली, इस यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यात्रा के उपरांत समाजजनों ने कढ़ाई प्रसादी का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर केवट समाज द्वारा वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित को आमंत्रित किया गया। समाज के पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत भी किया। अपने संबोधन में पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने कहा कि “धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने और संस्कारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। सेवा और सद्भाव ही जीवन का सबसे बड़ा धर्म है। मैं सदैव समाज और धर्म की सेवा के लिए तत्पर रहूँगा।” गौरतलब है कि काशी गली स्थित केवट समाज द्वारा प्रत्येक वर्ष डोल ग्यारस के अवसर पर यह विमान यात्रा निकाली जाती है तथा यात्रा के पश्चात कढ़ाई प्रसादी का आयोजन किया जाता है।

