

इटारसी / प्रदेश सरकार द्वारा नगर पालिका परिषद एवं नगर परिषदों के अध्यक्ष पद का चुनाव अब प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। इस बदलाव के बाद अब नगर पालिका का अध्यक्ष सीधे जनता के वोट से चुना जाएगा, न कि केवल पार्षदों के माध्यम से। अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्य ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र को नई मज़बूती देगा और जनता को असली ताक़त प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि “पहले अध्यक्ष का चुनाव सीमित दायरे में होता था, लेकिन अब नगर का हर नागरिक सीधे अपनी पसंद का नेता चुन सकेगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, जवाबदेही सुनिश्चित होगी और जनता की आवाज़ को असली मायने मिलेंगे।” आर्य ने कहा कि यह व्यवस्था युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग को राजनीति में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी। अब नगर की जनता केवल मतदाता ही नहीं रहेगी, बल्कि नगर के भविष्य का असली निर्धारण स्वयं करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए नगर की जनता से अपील की कि वे इस नई प्रणाली में पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ भाग लें और इटारसी को एक मज़बूत लोकतांत्रिक उदाहरण बनाएँ।

