


नर्मदापुरम / निर्मल चैतन्य पुरी महाराज की अखिल भारतीय हरिनाम संकीर्तन समिति के तत्वावधान में 10 व 11 सितंबर को मालाखेड़ी क्षेत्र स्थित स्वयंवरम गार्डन के हॉल में शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक विशाल शास्त्रीय संगीत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में देश के शास्त्रीय संगीत के करीब दो दर्जन ख्यातिनाम कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। इनमें वादन, गायन और नृत्य तीनों विधाओं के प्रदर्शन होंगे। उक्त कार्यक्रम समेरिटंस ग्रुप आफ स्कूल्स के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के प्रथम दिवस बुधवार को यशस्विनी शिवारामन बैंगलुरू, डॉ. टी प्रार्थना, डॉ. टी पूजा और गार्गी श्रीवास्तव का कथक नृत्य, आत्रैयी दत्ता कोलकाता का ओडिशी, गायन में अर्चिष्मान सिन्हा राय, अर्णव बुवा और प्रथमेश शहाणे का शास्त्रीय गायन होगा। जबकि इसी दिन निक्षित टी पुत्तर, सदगुण ऐंथल और एएसआर कोन्डिन्या का मेंडोलिन वादन होगा। कार्यक्रम शाम 5 बजे से प्रारंभ होगा और रात 9 बजे तक चलेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर लाभ लेने की अपील की है।

