

नर्मदापुरम / शासकीय विधि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सिविल न्यायालय में अयोजित नेशनल लोक अदालत की कार्रवाई का अवलोकन प्राचार्य डा. कल्पना भारद्वाज के मार्गदर्शन में किया। सर्वप्रथम श्रीमती शशि सिंह जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोक अदालत की अवधारणा नवीन अवधारणा नहीं बल्कि हमारी संस्कृति सभ्यता में पूर्व से विद्यमान है। लोक अदालत में सौहार्दपूर्ण वातावरण में पक्षकारों के मध्य विवादों का निपटारा होता है। विजय कुमार पाठक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नर्मदापुरम ने लोक अदालत के माध्यम से किन किन मामलों का निपटारा होता है उसकी जानकारी सहित लोक अदालत की कार्रवाई की प्रकिया से अवगत कराते हुए कहा कि आप सब बहुत भाग्यशाली हैं कि आप विधि की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसमें आपको पीड़ितों को न्याय दिलाने में समर्पित भाव से काम करना होगा। इस अवसर पर आपने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। अभय सिंह जिला विधिक सहायता अधिकारी ने विद्यार्थियों को नेशनल लोक अदालत के आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य बताया । अंत में डा. महेंद्र कुमार पटेल ने आभार व्यक्त किया । इस अवसर पर महाविद्यालय के डा. हरिप्रकाश मिश्रा के विद्यार्थियों के साथ सहभागिता की ।

