

नर्मदापुरम / राज्य शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को नर्मदापुरम में सांसद कार्यालय पहुंचकर सांसद को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ई-अटेंडेंस प्रणाली से उत्पन्न समस्याओं और अतिथि शिक्षकों के रोके गए वेतन को शीघ्र जारी करने की मांग प्रमुख रही। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि नेटवर्क समस्या वाले क्षेत्रों में ई -अटेंडेंस लागू करने से शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे क्षेत्रों की पहले जांच कर राहत प्रदान की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी अवगत कराया कि “शिक्षक एप” के माध्यम से प्रदेश के कई स्थानों पर खातों से अवैध रूप से धन ट्रांसफर होने की घटनाएं सामने आई हैं। अतः शासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि एप के उपयोग से किसी भी शिक्षक को आर्थिक हानि न पहुंचे। इस अवसर पर राज्य शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत पाठक, प्रदेश महासचिव गजेंद्र बछले, संभागीय अध्यक्ष हरगोविंद गौर, जिला अध्यक्ष उमेश ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं संभागीय सचिव तथा जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप गौर और वरिष्ठ सदस्य नितिन दुबे उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

