

सिवनी मालवा / खाद वितरण को लेकर किसानों की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार रात से ही मंडी परिसर में किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी और सोमवार सुबह होते-होते लंबी कतारें लग गईं। दिन से अपनी बारी का इंतजार कर रहे किसानों के बीच भीड़ बढ़ने पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिस पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा। खाद की किल्लत से त्रस्त किसानों ने विरोध जताने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। कई किसान मंडी परिसर के टीन शेड पर रूमाल बांधकर लटककर खड़े हो गए। उनका कहना था कि समय पर खाद नहीं मिलने से उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं और भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद वितरण की व्यवस्था पारदर्शी और सुचारू बनाई जाए, ताकि सभी किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो सके।

