नर्मदापुरम/शहर के समीपस्थ इटारसी में मंगलवार शाम को एक भीषण और सनसनीखेज हादसा हो गया। खेड़ा क्षेत्र में एक दुकान के सामने मुख्य मार्ग पर खड़े एक खाली गैस टैंकर में जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि उसकी आवाज तीन से चार किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह भयानक घटना शाम करीब पौने पांच बजे उस वक्त हुई, जब टैंकर में इलेक्ट्रिक वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि गैस टैंकर का ड्रायवर कैबिन सहित मशीन वाला पूरा हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। अचानक हुए इस जोरदार विस्फोट से आसपास के लोग दहशत में आ गए और मुख्य मार्ग पर भगदड़ मच गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, इस घटना में 8 लोगों के घायल होने की खबर है। पांच गंभीर का इलाज चल रहा है। जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। एसडीओपी वीरेन्द्र मिश्रा और टीआई गौरव सिंह बुंदेला भी तत्काल अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। घटना के बाद रास्ते से गुजर रहे वाहनों के पहिये थम गए और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा होने से जाम लग गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला। टीआई गौरव सिंह बुंदेला के अनुसार, घटना के बाद पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा और सबसे पहले रास्ता क्लियर कराया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और जाम खुलवाकर मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को सुनिश्चित कराया। पुलिस फिलहाल हताहतों के स्वास्थ्य की जानकारी और उपचार में जुटी है, इसके बाद मामले की जांच की जाएगी कि खाली टैंकर में वेल्डिंग से पहले सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया। वीरेन्द्र मिश्रा एसडीओपी ने बताया कि हमें करीब पौने पांच बजे सूचना मिली थी कि खेड़ा पर एक टैंकर में वेल्डिग के दौरान ब्लॉस्ट हो गया। मौके पर पहुंचे तो पता चला कि पांच लोग घायल हैं, घायलों को सरकारी और निजी अस्पताल भेजा है, अब तक 8 लोगों के घायल होने की सूचना है। टैंकर हटवाकर मार्ग क्लीयर करा दिया है।
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
ब्लास्ट में घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है जिसकी जानकारी लेने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच चुके हैं। इस घटना में गंभीर घायलों में शहजाद खान 58 निवासी आसफाबाद,नीरज पाल गनेरा खेती का काम ,भागवती पाल 40 गनेरा, साहिल पाल 17 वर्ष, नीरज सिंह लोहार जबलपुर चालक कंटेनर एथनॉल इंडियन ऑयल डिपो इटारसी में खाली किया था शामिल हैं।
इनका कहना है
खाली टैंकर में ब्लास्ट होने से आठ लोग घायल हुए हैं । इनमें से पांच को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है तीन का प्राइवेट में इलाज चल रहा है । मामले की जांच की जा रही है।
वीरेंद्र मिश्रा
एसडीओपी इटारसी

