नर्मदापुरम/ स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिवस “युवा दिवस” के अवसर पर 12 जनवरी 2026 (सोमवार) को जिले में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 9:00 बजे से 10:30 बजे तक शासकीय पीएम श्री नर्मदा महाविद्यालय, नर्मदापुरम में संपन्न होगा।
इस अवसर पर जिले की समस्त शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में एक साथ एवं एक ही संकेत पर सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों एवं युवाओं में शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक सुदृढ़ता के साथ-साथ अनुशासन की भावना विकसित हो सके।
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना द्वारा उक्त कार्यक्रम को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान समयबद्धता, सहभागिता, स्वच्छता, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

