नर्मदापुरम/पंडित रामलाल शर्मा इंग्लिश मीडियम स्कूल में दिनांक 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा योगाभ्यास के साथ किया गया, जिसमें योग शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निशा चौबे ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग अभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन भी एकाग्र और सकारात्मक बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित समिति संचालक श्रीमान अरुण शर्मा जी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, व्यक्तित्व एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को आत्मबल, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित किया। उन्होंने जानकारी दी कि भारत सरकार द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती को वर्ष 1984 में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में घोषित किया गया, ताकि युवा पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, स्वस्थ जीवनशैली, नैतिक मूल्यों तथा राष्ट्रनिर्माण के प्रति जागरूकता का विकास करना रहा। कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक वातावरण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

