टीकमगढ़/ओरछा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशानुरूप धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा को विश्व धरोहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से केंद्र सरकार ने ओरछा को “ओरछा लिंक ग्रीन फील्ड लेन हाईवे” की सौगात दी है।
यह प्रस्तावित हाईवे झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग को झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ेगा, जिससे क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। लगभग 15 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की अनुमानित लागत 658 करोड़ रुपये बताई गई है।
इन गांवों से होकर गुजरेगा मार्ग
ओरछा लिंक ग्रीन फील्ड लेन हाईवे वनगायखास से प्रारंभ होकर मजरा वनगाय, जमुनिया खास, रुदमकोरा, रामनगर, ढिमरपुरा, कुंअरपुरा, बबेडी, प्रतापपुरा, जमुनियाभाटा, गुजर्राखुर्द, मथुरापुरा तथा सैन्यर ग्रामों से होकर निकलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
सिंधिया के पत्र पर गडकरी की स्वीकृति
भाजपा नेता विकास यादव की मांग पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 28 अक्टूबर 2025 को पत्र क्रमांक DO1685907 MoC&DoNER/2025 के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से राष्ट्रीय राजमार्ग-26 को राष्ट्रीय राजमार्ग-76 से जोड़ने के लिए इस लिंक हाईवे की स्वीकृति का अनुरोध किया था।
इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अवगत कराया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा उक्त परियोजना वार्षिक योजना 2025-26 में स्वीकृत कर ली गई है। परियोजना के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया जारी है तथा ठेकेदार चयन की कार्यवाही NHAI मुख्यालय, नई दिल्ली द्वारा की जा रही है। इसके बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
आभार व्यक्त किया
हाईवे की स्वीकृति मिलने पर भाजपा नेता विकास यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से ओरछा में पर्यटन बढ़ेगा, रोजगार के अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

