टीकमगढ़। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और दूसरों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए मानवीय संवेदना समिति ने इस बार जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुंचकर दीपावली मनाई। समिति के सदस्यों ने ग्राम माडूमर पहुंचकर तीन अनाथ बच्चियों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्हें नए वस्त्र, पटाखे, मिठाई, चॉकलेट और उपहार स्वरूप राशि भेंट की गई। उपहार पाकर बच्चियों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान दिखाई दी।
इसी क्रम में समिति के सदस्यों ने मदार छल्ला मोहल्ले में भी पहुंचकर तीन असहाय बच्चों को दीपावली की खुशियों में शामिल किया। यहां भी बच्चों को नए कपड़े, पटाखे, मिठाई, चॉकलेट और उपहार राशि प्रदान की गई। समिति के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें अपनत्व का एहसास कराया।
समिति की इस पहल की ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि त्योहारों की खुशियां जरूरतमंदों के साथ बांटने से ही उनकी सार्थकता बढ़ती है। मानवीय संवेदना समिति की यह पहल समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दे रही है।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष देवेंद्र योगी, सचिव मनीराम कठेल, स्वतंत्र कुमार जैन, रमेश खरे, इरफान अहमद, सरपंच प्रतिनिधि अवधेश तिवारी, रामचरण अहिरवार, कल्लू विश्वकर्मा एवं अवधेश नायक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

