टीकमगढ़। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को स्थानीय उत्सव भवन में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदेश की विकास यात्रा बुंदेलखंड की वीरता और सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि बुंदेलखंड के शौर्य और वीरता को इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शिक्षा सिंचाई ऊर्जा परिवहन और अधोसंरचना के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। टीकमगढ़ में बानसुजारा परियोजना से 183 गांवों में जलापूर्ति की जा रही है जबकि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 1768 करोड़ रुपए के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने केन बेतवा लिंक परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे जल उपलब्धता बढ़ेगी। जतारा विधानसभा में उद्योग संवर्धन के लिए 1000 एकड़ भूमि आवंटित किए जाने की जानकारी भी दी।
श्रीमती सरोज राजपूत ने महिला सशक्तिकरण युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी ने कहा कि मध्यप्रदेश ने बीमारू राज्य से स्वर्णिम राज्य तक का सफर तय किया है। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने कहा कि शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रदेश के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
बुंदेली लोकगीतों पर झूमे विद्यार्थी
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुति दी। हिंदुस्तान का दिल देखो मेरो प्यारो मध्य प्रदेश’ और बुंदेली लोकगीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने तबला और हारमोनियम वादन से भी समां बांधा। राजकुमार विश्वकर्मा एंड पार्टी ने बुंदेली लोक प्रस्तुति देकर स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाई।
कार्यक्रम में मीसाबंदियों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यालयों के विद्यार्थियों को शील्ड और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी में कृषि उत्पाद बीज स्प्रेयर पंप पीतल शिल्पकला सरसों तेल मिट्टी एवं बांस के हस्तनिर्मित उत्पाद और उन्नत पौधे प्रदर्शित किए गए।
समारोह में पूर्व विधायक शिशुपाल यादव अजय यादव कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल जिला पंचायत सीईओ विशाल धाकड़ सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

