टीकमगढ़। पुलिस कर्मचारियों के कल्याण, मानसिक संतुलन एवं कार्यस्थितियों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा दिनांक 22 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय टीकमगढ़ में एक संवेदनशील एवं संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य कर्मचारियों की व्यक्तिगत, स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित एवं मानवीय समाधान सुनिश्चित करना था।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बीमारी, दुर्घटना, पारिवारिक परिस्थितियों एवं अवकाश संबंधी प्रकरणों में प्रभावित कर्मचारियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य और परिस्थितियों की जानकारी लेते हुए हर संभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया।
मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण
बैठक में उपस्थित एक पुलिसकर्मी ने अपने बच्चे की गंभीर स्वास्थ्य समस्या से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। इस पर SP मनोहर सिंह मंडलोई ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ बच्चे की स्थिति की जानकारी ली तथा बेहतर उपचार हेतु विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी। साथ ही आवश्यक अवकाश स्वीकृत करते हुए भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सहयोग एवं अवकाश उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। पुलिस अधीक्षक के इस मानवीय व्यवहार से भावुक हुए कर्मचारी ने उनका आभार व्यक्त किया।
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर
बैठक के दौरान लंबित सिक प्रकरणों, अवकाश आवेदनों एवं अन्य प्रशासनिक मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निराकरण संवेदनशीलता एवं त्वरित प्रक्रिया के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “कर्मचारी कल्याण पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।”
अनुशासन और जिम्मेदारी पर विशेष बल
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने पुलिस व्यवस्था में अनुशासन को सबसे महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित परेड में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं आदेशों की अवहेलना की स्थिति में विभागीय स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

